CRPF कांस्टेबल भर्ती 2026 : 10वीं पास युवाओं के लिए 9195 पदों पर सुनहरा मौका, जानें पूरी डिटेल

रक्षा क्षेत्र में करियर बनाने का सपना देख रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) ने कांस्टेबल (तकनीकी, ट्रेड्समैन और पायनियर) के कुल 9,195 पदों पर भर्ती के लिए आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इस भर्ती के जरिए 10वीं पास उम्मीदवारों को सरकारी नौकरी पाने का शानदार अवसर मिलेगा।

इस भर्ती प्रक्रिया के तहत कांस्टेबल (तकनीकी और ट्रेड्समैन) के 9,175 पद भरे जाएंगे, जिसमें 9,096 पद पुरुषों और 79 पद महिलाओं के लिए आरक्षित हैं। वहीं कांस्टेबल (पायनियर विंग) के 20 पद केवल पुरुष उम्मीदवारों के लिए निर्धारित किए गए हैं, जिसमें मेसन और इलेक्ट्रीशियन के पद शामिल हैं।

आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी और इच्छुक अभ्यर्थी 20 अप्रैल 2026 से 19 मई 2026 तक आधिकारिक वेबसाइट rect.crpf.gov.in के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे। इस भर्ती का नोटिस 8 अप्रैल 2026 को जारी किया गया है।

चयनित उम्मीदवारों को सातवें वेतन आयोग के तहत पे लेवल-3 के अनुसार 21,700 रुपये से 69,100 रुपये तक वेतन दिया जाएगा, जो कि इस स्तर की सरकारी नौकरी के लिए आकर्षक माना जाता है।

योग्यता की बात करें तो ड्राइवर पद के लिए उम्मीदवार का 10वीं पास होना जरूरी है, साथ ही उसके पास भारी वाहन (HTV) का वैध लाइसेंस होना चाहिए। मैकेनिक मोटर वाहन पद के लिए 10वीं के साथ संबंधित ट्रेड में ITI या अप्रेंटिसशिप अनिवार्य है। अन्य ट्रेड्समैन और पायनियर पदों के लिए न्यूनतम 10वीं पास और संबंधित कार्य में दक्षता जरूरी रखी गई है।

आयु सीमा ड्राइवर पद के लिए 21 से 27 वर्ष निर्धारित की गई है, जबकि अन्य सभी पदों के लिए 18 से 23 वर्ष तय की गई है। आरक्षित वर्गों को नियमानुसार छूट भी दी जाएगी, जिसमें SC/ST को 5 वर्ष, OBC को 3 वर्ष और पूर्व सैनिकों को विशेष छूट का प्रावधान है।

चयन प्रक्रिया बहु-स्तरीय होगी, जिसमें सबसे पहले 100 अंकों की लिखित परीक्षा ली जाएगी। परीक्षा की अवधि 2 घंटे होगी और इसमें रीजनिंग, सामान्य ज्ञान, गणित और हिंदी/अंग्रेजी भाषा से 25-25 प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रत्येक गलत उत्तर पर 0.25 अंक की निगेटिव मार्किंग भी होगी।

लिखित परीक्षा के बाद उम्मीदवारों को शारीरिक दक्षता परीक्षण (PST और PET) से गुजरना होगा, जिसमें कद-काठी और दौड़ की जांच की जाएगी। इसके बाद संबंधित ट्रेड के अनुसार स्किल टेस्ट होगा, जिसमें 50 अंक निर्धारित हैं और पास होने के लिए कम से कम 20 अंक लाना अनिवार्य होगा। अंतिम चरण में दस्तावेज सत्यापन और मेडिकल परीक्षण किया जाएगा।

शारीरिक मानकों के तहत पुरुष उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम लंबाई 170 सेमी और महिला उम्मीदवारों के लिए 157 सेमी निर्धारित की गई है।

आवेदन शुल्क की बात करें तो सामान्य, EWS और OBC वर्ग के पुरुष उम्मीदवारों को 100 रुपये शुल्क देना होगा, जबकि SC, ST, सभी महिला उम्मीदवारों और पूर्व सैनिकों के लिए आवेदन पूरी तरह निःशुल्क रखा गया है।

सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए यह भर्ती अभियान एक बड़ा अवसर है, ऐसे में इच्छुक उम्मीदवार समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें।

error: Content is protected !!