छत्तीसगढ़ में इन दिनों मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। तेज गर्मी के बीच हो रही हल्की बारिश से लोगों को कुछ राहत मिल रही है, लेकिन यह राहत ज्यादा दिनों तक टिकने वाली नहीं है। मौसम विभाग के अनुसार, आज प्रदेश के कुछ इलाकों में गरज-चमक, वज्रपात और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश हो सकती है।
पिछले 24 घंटों में उत्तर छत्तीसगढ़ में अधिकतम तापमान 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरा है, जबकि मध्य और दक्षिण हिस्सों में तापमान लगभग स्थिर बना रहा। हालांकि आने वाले तीन दिनों में तापमान 3 से 4 डिग्री तक बढ़ने के संकेत हैं, जिससे गर्मी फिर तेज हो सकती है।
मौसम विभाग का कहना है कि 9 अप्रैल के बाद मेघगर्जन और बारिश की गतिविधियों में कमी आएगी और मौसम धीरे-धीरे शुष्क हो जाएगा। रायपुर में आज आसमान साफ रहने की संभावना है, जहां अधिकतम तापमान 38°C और न्यूनतम 24°C के आसपास रह सकता है। मौसम में बदलाव के पीछे एक सक्रिय चक्रवाती परिसंचरण और उत्तर-दक्षिण द्रोणिका जिम्मेदार मानी जा रही है, जो प्रदेश के मौसम को प्रभावित कर रही है।







