छत्तीसगढ़ में नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स (ANTF) और सिंघोड़ा पुलिस ने संयुक्त ऑपरेशन में अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। टीम ने हरियाणा के 2 तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 1432 किलोग्राम अफीम पोस्त डोडा जब्त किया, जिसकी अनुमानित कीमत दो करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, आरोपी झारखंड के गुमला क्षेत्र से अवैध मादक पदार्थ लेकर ओडिशा के रास्ते छत्तीसगढ़ में प्रवेश कर रहे थे। गुप्त सूचना के आधार पर सिंघोड़ा थाना क्षेत्र में नाकेबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोका गया। तलाशी के दौरान वाहन में भारी मात्रा में अफीम पोस्त डोडा बरामद हुआ, जिसके बाद दोनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। प्रारंभिक पूछताछ में तस्करों ने अंतर्राज्यीय नेटवर्क से जुड़े होने के संकेत दिए हैं। पुलिस अब इस गिरोह के अन्य सदस्यों और सप्लाई चेन की जांच में जुट गई है। अधिकारियों का कहना है कि इस कार्रवाई से क्षेत्र में नशा तस्करी पर बड़ी रोक लगेगी। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत आगे की कार्रवाई जारी है







