Surendra shriwas
Chhattisgarhiya Sable badhiya News Editor
Chhattisgarhiya Sable badhiya News Editor

महासमुंद:- बसना-सरायपाली क्षेत्र के विकास को नई रफ्तार देते हुए प्रदेश सरकार ने तीन महत्वपूर्ण सड़क निर्माण कार्यों के लिए 69 करोड़ 31 लाख 33 हजार रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है। यह स्वीकृति क्षेत्र की सांसद एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष रूपकुमारी चौधरी की अनुशंसा पर मिली है।
सांसद रूपकुमारी ने इस सौगात के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव साथ ही वित्त मंत्री ओपी चौधरी के प्रति आभार जताया है।
लोक निर्माण विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, बसना-भंवरपुर से सागरपाली तक 17 किमी सड़क निर्माण के लिए 31 करोड़ 69 लाख रुपये, सीतापुर-नरसिंगपुर 7 किमी मार्ग के लिए 13 करोड़ 14 लाख रुपये तथा सरायपाली-सरसीवां मार्ग के लिए 24 करोड़ 48 लाख 33 हजार रुपये स्वीकृत किए गए है।
इन सड़क परियोजनाओं के पूरा होने से बसना और सरायपाली क्षेत्र के ग्रामीण एवं दूरस्थ इलाकों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी। इससे न केवल लोगों की दैनिक जरूरतें आसान होंगी, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापारिक गतिविधियों को भी मजबूती मिलेगी।
सांसद एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष रूपकुमारी चौधरी की सक्रिय पहल को इस उपलब्धि का प्रमुख कारण माना जा रहा है। वे लगातार क्षेत्रीय समस्याओं को संसद और शासन स्तर पर उठाती रही हैं। इससे पहले भी उन्होंने गरियाबंद जिले में एलेक्जेंड्राइट खनिज के वैज्ञानिक सर्वेक्षण सहित कई जनहित मुद्दों को प्रमुखता से उठाया है।
किसानों और व्यापारियों ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि बेहतर सड़कों से परिवहन व्यवस्था सुदृढ़ होगी। किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने में आसानी होगी, वहीं व्यापारिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी। इससे क्षेत्र में निवेश और रोजगार के नए अवसर खुलने की उम्मीद है।
स्थानीय लोगों का मानना है कि ये सड़क परियोजनाएं क्षेत्र की आधारभूत संरचना को मजबूत करने के साथ ही बसना-सरायपाली को एक उभरते आर्थिक केंद्र के रूप में स्थापित करने में अहम भूमिका निभाएंगी।







