28 से 30 सितंबर की प्रस्तावित बैंक हड़ताल स्थगित, खुलेंगे सभी बैंक

यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित तीन दिवसीय बैंक हड़ताल और आंदोलन को स्थगित कर दिया है। यह निर्णय रविवार रात इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) और UFBU के प्रतिनिधियों के बीच हुई बैठक में विभिन्न मांगों और लंबित मुद्दों पर बनी सहमति के बाद लिया गया। UFBU की देवघर इकाई के कन्वेनर मुन्ना कुमार झा ने इसकी जानकारी दी।

UFBU की ओर से 27 सितंबर को जारी सर्कुलर के अनुसार, रविवार रात करीब 9.30 बजे IBA और UFBU प्रतिनिधियों की बैठक हुई। बैठक में बैंक कर्मचारियों और अधिकारियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। दोनों पक्षों के बीच बनी सहमति के बाद UFBU ने प्रस्तावित आंदोलन और 28 से 30 सितंबर तक होने वाली बैंक हड़ताल को फिलहाल स्थगित करने का निर्णय लिया।

बैठक में शनिवार को बैंक अवकाश घोषित करने की मांग पर IBA और UFBU की एक उच्चस्तरीय समिति तत्काल गठित करने पर सहमति बनी। समिति शनिवार को बैंक अवकाश से जुड़े सभी संभावित विकल्पों पर विचार करेगी। समाधान तलाशते समय बैंक ग्राहकों समेत सभी संबंधित पक्षों के हितों को ध्यान में रखा जाएगा।

इसके अलावा स्केल-4 और उससे ऊपर के अधिकारियों के लिए लागू प्रदर्शन आधारित प्रोत्साहन (PLI) योजना में संशोधन को लेकर भी IBA के साथ चर्चा शुरू की जाएगी। यूनियनों और एसोसिएशनों की आपत्तियों को ध्यान में रखते हुए योजना में आवश्यक संशोधन का प्रस्ताव सरकार के समक्ष रखने की संभावनाओं पर भी विचार किया जाएगा।

IBA और UFBU के बीच 8 मार्च 2024 के कार्यवृत्त में दर्ज अन्य लंबित मुद्दों पर भी आगे चर्चा जारी रहेगी। दोनों पक्षों ने इन मुद्दों का जल्द समाधान निकालने की दिशा में बातचीत आगे बढ़ाने पर सहमति जताई है। इन सहमतियों के बाद UFBU ने 28 से 30 सितंबर की प्रस्तावित बैंक हड़ताल को स्थगित कर दिया है।

Recent Posts
error: Content is protected !!