रायपुर। भाजपा के सेवा संकल्प अभियान की प्रांतीय समीक्षा बैठक रविवार को रायपुर स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में हुई। बैठक में अब तक हुए कार्यक्रमों की समीक्षा के साथ आगामी आयोजनों की तैयारियों पर चर्चा की गई। भाजपा ने 7 अक्टूबर को प्रदेश की सभी 90 विधानसभा सीटों में एक साथ सेवा ज्योति यात्रा निकालने की तैयारी पूरी होने की जानकारी दी।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक देशभर में सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 17 सितंबर को हुए ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ में बड़ी संख्या में लोगों और कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया और प्रदेश में करीब दो करोड़ दीये जलाए गए।
किरण देव ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान केवल कार्यक्रमों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके जरिए ‘सेवा ही संगठन’ के भाव को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
2028 की तैयारी के लिए जनसंपर्क पर जोर
भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं का मुख्य उद्देश्य सेवा के माध्यम से जनता तक पहुंचना है। उन्होंने कोरोना काल में भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए सेवा कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि संगठन की ताकत जनता के बीच सक्रिय रहने से बढ़ती है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से 2028 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए सेवा, समर्पण और संगठन के आधार पर जनसंपर्क बढ़ाने का आह्वान किया।
महाराष्ट्र के प्रदेश संगठन महामंत्री अजय जम्वाल ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से भाजपा कार्यकर्ता लाखों परिवारों, युवाओं, महिलाओं और सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों से संपर्क कर रहे हैं। उन्होंने इसे 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य से जोड़ते हुए संगठन को और मजबूत करने पर जोर दिया।
झारखंड के प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय ने कहा कि भाजपा विचारधारा आधारित संगठन है और उसके कार्यकर्ता जनसेवा को प्राथमिकता देते हैं। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता जनता के बीच सहयोगी की भूमिका में पहुंचकर संगठन को मजबूत करते हैं।
46,441 स्कूलों में प्रतियोगिता, 31 हजार से ज्यादा आंगनबाड़ियों में आयोजन
सेवा संकल्प अभियान के कार्यक्रम प्रभारी और भाजपा प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन ने अब तक हुए कार्यक्रमों का आंकड़ा साझा किया। उनके मुताबिक, ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत प्रदेश में करीब दो करोड़ दीये जलाए गए।
‘मेरे सपनों का भारत’ चित्र, सेवा राष्ट्रव्यापी ड्राइंग और भाषण प्रतियोगिता के तहत प्रदेश के 46,441 विद्यालयों में कार्यक्रम हुए। इनमें 32 लाख 24 हजार से अधिक विद्यार्थी शामिल हुए।
इसी तरह ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम के तहत 31,066 आंगनबाड़ी केंद्रों में आयोजन किए गए, जिनमें 13,01,116 लोग शामिल हुए। इनमें 1,31,602 प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।
‘वडनगर से वाराणसी सेवा यात्रा’ के तहत चलाए गए जल, जन और सेवा संकल्प अभियान में दो लाख से अधिक लाभार्थियों से संपर्क किए जाने की जानकारी दी गई।
7 अक्टूबर को 90 विधानसभा क्षेत्रों में सेवा ज्योति यात्रा
बैठक में सेवा ज्योति यात्रा की तैयारियों की भी जानकारी दी गई। कार्यक्रम के प्रदेश प्रभारी अनुराग सिंहदेव ने बताया कि 7 अक्टूबर को प्रदेश की सभी 90 विधानसभा सीटों में एक ही समय पर सेवा ज्योति यात्रा निकाली जाएगी।
यात्रा शक्तिकेंद्रों और मंडल मुख्यालयों से होते हुए विधानसभा केंद्रों तक पहुंचेगी। प्रत्येक विधानसभा के लिए ज्योति कलश रथ तैयार किया जा रहा है। विधानसभा केंद्रों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लाइव संबोधन के लिए एलईडी मंच और स्थान भी तय किए जा चुके हैं।
बैठक का संचालन प्रदेश महामंत्री डॉ. नवीन मार्कंडेय ने किया। इस दौरान उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी, भाजपा कोर कमेटी के सदस्य, प्रदेश पदाधिकारी, प्रवक्ता, जिला प्रभारी और मोर्चा-प्रकोष्ठों के पदाधिकारी मौजूद रहे।









