सरायपाली : सेवा संकल्प कार्यक्रम के तहत बस्ती सरायपाली तालाब पर स्वच्छता अभियान चलाया गया

 

महासमुंद/सरायपाली :- सेवा संकल्प अभियान के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जिले में सेवा, संस्कार, जनभागीदारी और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को केंद्र में रखकर विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। एक ओर जिलेभर में ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्ज्वलित कर सुख, समृद्धि और लोककल्याण की मंगलकामना की गई , वहीं दूसरी ओर सेवा के इसी व्यापक भाव को प्रकृति स्थलों की स्वच्छता से जोड़ते हुए नगरपालिका सरायपाली द्वारा स्वच्छता अभियान चलाया गया।

इस अभियान मे श्रीमती पुष्पलता चौहान प्रदेश उपाध्यक्ष भाजपा महिला मोर्चा भी उपस्थित रही और अपना श्रमदान किया ।
बस्ती सरायपाली का बड़ा तालाब व उसके आसपास उपयोग की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थल है। नगरपालिका एवं स्थानीय नागरिकों ने सामूहिक रूप से स्वच्छता अभियान में सहभागिता निभाई। अभियान के दौरान तालाब आसपास के क्षेत्र में बिखरे कचरे को एकत्रित कर निर्धारित स्थान पर पहुंचाया गया। साथ ही स्थानीय लोगों को सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता बनाए रखने, कचरा इधर-उधर नहीं फेंकने तथा प्राकृतिक परिवेश को स्वच्छ एवं सुरक्षित रखने के लिए प्रेरित किया गया।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा स्वच्छता को जनआंदोलन का स्वरूप देने के लिए लगातार देशवासियों का आह्वान किया जाता रहा है। ‘स्वच्छ भारत’ के संदेश के अनुरूप स्वच्छता को केवल अभियान नहीं, बल्कि दैनिक जीवन की आदत और सामूहिक जिम्मेदारी बनाने पर जोर दिया गया है। इसी भावना को स्थानीय स्तर पर आगे बढ़ाते हुए सरायपाली में आयोजित यह स्वच्छता अभियान जनभागीदारी और पर्यावरण संरक्षण का प्रभावी उदाहरण बना।

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित गतिविधियां जिले में सेवा भावना को जन-जन से जोड़ने के साथ सामाजिक सहभागिता को भी नई दिशा दे रही हैं। ‘आशीर्वाद का दीया’ जहां सकारात्मकता, आस्था और मंगलकामना का प्रतीक बना है, वहीं स्वच्छता अभियान यह संदेश दे रहा है कि जिस प्रकृति और विरासत से हमें पहचान मिलती है, उसकी स्वच्छता और संरक्षण भी हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है।

Recent Posts
error: Content is protected !!