रायपुर। छत्तीसगढ़ कृषि स्नातक शासकीय कृषि अधिकारी संघ ने DCS/PV App के माध्यम से फसल गिरदावरी कार्य में ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों (RAEO) एवं कृषि विकास अधिकारियों (ADO) की ड्यूटी लगाए जाने के विरोध में कार्य बहिष्कार का आह्वान किया है। संघ की 26 सितंबर 2026 को आयोजित वर्चुअल प्रांतीय बैठक में इस संबंध में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया।
संघ के प्रदेश अध्यक्ष लिखेश वर्मा ने कहा कि फसल गिरदावरी मूल रूप से राजस्व अभिलेखों, खसरा, नक्शा, सीमांकन एवं बटांकन से संबंधित कार्य है। ऐसे में कृषि विभाग के मैदानी अधिकारियों के बजाय शासन द्वारा निर्धारित व्यवस्था के अनुसार संबंधित राजस्व अमले एवं सर्वेयरों से ही यह कार्य कराया जाना चाहिए।
DCS/PV App गिरदावरी के बहिष्कार का आह्वान
संघ ने प्रदेश के सभी ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों एवं कृषि विकास अधिकारियों से DCS/PV App के माध्यम से फसल गिरदावरी कार्य में शामिल नहीं होने का आह्वान किया है। संघ का कहना है कि कृषि अधिकारियों को राजस्व अभिलेखों, खसरों के सीमांकन-बटांकन और खेतों की सटीक भौगोलिक स्थिति से संबंधित आवश्यक प्रशिक्षण एवं जानकारी नहीं है।
प्रांतीय महामंत्री मोहित जैन ने कहा कि DCS में पुराने नक्शों और तकनीकी विसंगतियों के कारण मैदानी स्तर पर खसरा पहचानने में कृषि अधिकारियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उनके अनुसार, ऐसे संवेदनशील कार्य के लिए संबंधित राजस्व अभिलेखों की जानकारी और पर्याप्त तकनीकी प्रशिक्षण जरूरी है।
कृषि के मूल कार्य प्रभावित होने का दावा
प्रांतीय सचिव दीपक पटेल ने कहा कि खरीफ सीजन में कृषि विभाग का मैदानी अमला पहले से ही कई महत्वपूर्ण विभागीय कार्यों में व्यस्त है। इनमें फसल निरीक्षण, कीट एवं व्याधि नियंत्रण, PM-KISAN, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, PM-AASHA, कृषि DSS, कृषक पंजीयन एवं सत्यापन, कृषक उन्नति योजना, बीज उत्पादन, मृदा स्वास्थ्य कार्ड तथा उर्वरक, बीज एवं कीटनाशक गुण नियंत्रण जैसे कार्य शामिल हैं।
संघ का कहना है कि मैदानी कृषि अधिकारियों को लगातार गैर-विभागीय कार्यों में लगाने से किसानों से जुड़े मूल विभागीय कार्य प्रभावित हो सकते हैं। संघ ने शासन से कृषि अधिकारियों को उनके मूल विभागीय दायित्वों पर केंद्रित रखने की मांग की है।
गलत गिरदावरी से किसान हित प्रभावित होने की आशंका
संघ के महामंत्री नवल साहू ने कहा कि DCS/PV App में दर्ज फसल एवं खसरा संबंधी जानकारी का उपयोग आगामी धान खरीदी और MSP से संबंधित प्रक्रियाओं में किया जाना है। ऐसी स्थिति में राजस्व अभिलेख अथवा फसल विवरण की प्रविष्टि में त्रुटि होने पर संबंधित किसान प्रभावित हो सकता है।
संघ के अनुसार, इसी वजह से गिरदावरी जैसे कार्य में संबंधित अभिलेखों की जानकारी, तकनीकी दक्षता और पर्याप्त प्रशिक्षण का होना आवश्यक है।
मांग पूरी नहीं हुई तो चरणबद्ध आंदोलन की चेतावनी
प्रदेश अध्यक्ष लिखेश वर्मा ने बताया कि संघ की ओर से छत्तीसगढ़ के राजस्व सचिव, कृषि सचिव एवं संचालक कृषि के समक्ष चर्चा कर ज्ञापन सौंपा जा चुका है। उन्होंने कहा कि संघ पहले भी कई पत्रों के माध्यम से कृषि अधिकारियों को गैर-विभागीय कार्यों से पृथक रखने की मांग कर चुका है।
संघ ने स्पष्ट किया है कि यदि RAEO एवं ADO की ड्यूटी DCS/PV App आधारित फसल गिरदावरी से वापस नहीं ली जाती है, तो बहिष्कार के बाद चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया जाएगा।
संघ ने शासन से मांग की है कि RAEO एवं ADO को DCS/PV App के माध्यम से फसल गिरदावरी के कार्य से तत्काल पृथक करने संबंधी स्पष्ट आदेश जारी किया जाए। साथ ही प्रदेश के सभी मैदानी कृषि अधिकारियों से बहिष्कार में एकजुटता के साथ शामिल होने का आह्वान किया गया है।







