छत्तीसगढ़ की महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के नाम से साइबर ठगी की कोशिश का मामला सामने आया है। मंत्री का WhatsApp अकाउंट हैक होने के बाद उनके संपर्क में मौजूद लोगों को मैसेज भेजकर पैसों की मांग की जा रही है। संदेश में UPI ब्लॉक होने का हवाला देकर तत्काल 32 हजार की मदद मांगी जा रही है। साथ ही ऑनलाइन भुगतान के लिए QR कोड भी भेजा जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, फर्जी संदेश में लिखा जा रहा है कि UPI ब्लॉक होने के कारण तत्काल पैसों की जरूरत है। मंत्री के नाम और नंबर से संदेश आने के कारण लोग इसे वास्तविक समझकर भुगतान कर सकते हैं। इसी आशंका को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की अपील की गई है।
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने अपने आधिकारिक Instagram अकाउंट पर स्टोरी साझा कर WhatsApp अकाउंट हैक होने की जानकारी दी और लोगों को आगाह किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनके WhatsApp से पैसे मांगे जाने पर सावधान रहें और किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें। मामले की शिकायत के बाद साइबर सेल ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस अकाउंट हैक होने और संपर्कों को भेजे जा रहे संदेशों की पड़ताल कर रही है।









