सरायपाली :- नगर के वार्ड नंबर 8 टावरपारा में मां शारदा सेवा समिति (बाना वाले) द्वारा प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी शारदीय नवरात्र पर्व हर्षोल्लास एवं भक्तिमय वातावरण में मनाया जा रहा है। नवरात्र उत्सव को लेकर समिति के सदस्यों एवं श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
नवरात्र पर्व की तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। आयोजन स्थल पर आकर्षक पंडाल सजकर तैयार हो गए हैं तथा माता रानी की स्थापना एवं पूजा-अर्चना को लेकर तैयारियां तेजी से पूरी की जा रही हैं। समिति के सदस्य आयोजन को सफल बनाने के लिए व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं।
11 अक्टूबर को कलश के साथ माता रानी का स्वागत
समिति द्वारा 11 अक्टूबर को कलश के साथ माता रानी का स्वागत करते हुए उन्हें विधि-विधान से पंडाल में विराजित किया जाएगा। इसके बाद नौ दिनों तक श्रद्धालु माता रानी की पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना करेंगे।

19 अक्टूबर को कन्या भोज, 20 को भंडारा
नवरात्र के दौरान विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इसी क्रम में 19 अक्टूबर को कन्या भोज तथा 20 अक्टूबर को भंडारे का आयोजन होगा, जिसमें श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण करेंगे।
21 अक्टूबर को माता विसर्जन, बाना परंपरा बनेगी आकर्षण का केंद्र
नवरात्र उत्सव का समापन 21 अक्टूबर को माता रानी के विसर्जन के साथ होगा। इस अवसर पर डीजे, जसगीत एवं कर्मा नृत्य के साथ भव्य आयोजन किया जाएगा। विसर्जन कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालु पारंपरिक रूप से बाना धारण करेंगे।
इस आयोजन की विशेष पहचान यहां की बाना परंपरा है। इसमें पांच वर्ष के बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक के श्रद्धालु अपने शरीर में लोहे के बाना धारण करते हैं। कुछ श्रद्धालु जीभ में भी बाना चुभाकर अपनी आस्था और श्रद्धा प्रकट करते हैं। इस अनूठी परंपरा को देखने के लिए हर वर्ष नगर में बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ती है।
श्रद्धालुओं में उत्साह, भक्तिमय होगा टावरपारा
मां शारदा सेवा समिति द्वारा आयोजित इस नवरात्र उत्सव को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से श्रद्धालु मां शारदा की आराधना करेंगे। समिति ने नगरवासियों एवं श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर माता रानी का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।










